ट्रेंडिंग
29-May-2025
...


-15 दिन चलेगा अभियान, 20 राज्यों की यात्रा करेंगे शिवराज पुरी,(ईएमएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को ओडिशा के पुरी से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की ओर से शुरू किया गया अभियान वैज्ञानिक नवाचार और जमीनी स्तर पर भागीदारी से भारतीय कृषि को बदलने और खाद्य भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक कदम है। 15 दिवसीय इस अभियान के दौरान चौहान करीब 20 राज्यों की यात्रा करेंगे। इस मिशन को साकार करने में राज्य सरकारें अहम भूमिका निभाएंगी और सभी राज्यों से सामूहिक स्वामित्व और समर्पण के जरिए इस अभियान को सफल बनाने की अपेक्षा की जा रही है। इस अभियान में दो-तरफा संचार दृष्टिकोण अपनाया जाएगा। एक तरफ वैज्ञानिक किसानों के साथ अनुसंधान और तकनीकी जानकारी साझा करेंगे। वहीं दूसरी तरफ वे किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी जुटाएंगे। ये निष्कर्ष भविष्य के अनुसंधान प्रयासों को दिशा देने और व्यावहारिक, स्थान-विशिष्ट समाधान देने में मदद करेंगे। गुरुवार को शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार से एक व्यापक अभियान शुरू हो रहा है। ‘लैब टू लैंड’ को जोड़ने के लिए शुक्रवार से हमारे भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक अभियान पर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि 16 हजार वैज्ञानिकों की टीमें बनाई गई हैं, जो गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करेंगी। 2170 टीमें बनी हैं जो संपर्क करेंगी। एक दिन में एक टीम 2 गांवों में जाएंगी। यह अभियान 15 दिन तक चलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जलवायु, पानी, मिट्टी के पोषक तत्व व अन्य बातों का ध्यान रखते हुए उसके आधार पर कौन सी फसल बोनी चाहिए, कौन सी वैराइटी होनी चाहिए, खाद का कितना संतुलित उपयोग करना चाहिए। उसके साथ-साथ प्राकृतिक खेती और दलहन और तिलहन की खेती के संबंध में किसानों से बातचीत की जाएगी। वैज्ञानिक, किसानों की व्यावहारिक समस्याएं संवाद के जरिए सुलझाएंगे। खेत की जरुरत के मुताबिक आगे शोध की दिशा भी तय होगी। कृषि मंत्री चौहान ने एक बार फिर से सभी लोगों से इस अभियान से जुड़ने और देशव्यापी स्तर पर इसे कारगर और सफल बनाने का आह्वान किया है। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा जिसमें 700 से ज्यादा जिलों में यह आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में 731 केवीके, 113 आईसीएआर संस्थान, राज्य स्तरीय विभाग और कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन के अधिकारी और नवोन्मेषी किसान शामिल होंगे। इस अभियान के जरिए पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक मजबूत अध्याय जोड़ने का प्रयास किया गया है। सिराज/ईएमएस 29मई25