जगदलपुर(ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को नगर निगम जगदलपुर द्वारा रेलवे कॉलोनी हाई स्कूल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अम्बेडकर, स्वामी विवेकानंद, ठाकुर अनुकूल देव, पंडित सुंदरलाल शर्मा, राजीव गांधी, संजय गांधी और बलीराम कश्यप वार्ड सहित कुल 7 वार्डों के नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। महापौर संजय पांडे ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता और सुशासन के सिद्धांतों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य है – जनता की समस्याओं का स्थल पर ही त्वरित निराकरण। अधिकारियों और कर्मचारियों को केवल पत्राचार तक सीमित न रहकर समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है, और इसमें वे सफल भी हुए हैं। नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने कहा कि यदि जनता को कोई भी समस्या है तो वे संबंधित विभाग को लिखित में जानकारी दें। प्रदेश की भाजपा सरकार खुद जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का हल निकाल रही है। एक महीने तक चलाए गए इस शिविर में अनेक मामलों का निपटारा किया गया है। एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे ने कहा कि यह शिविर प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जनहित के लिए किए जा रहे प्रयासों का जीवंत उदाहरण है। निर्मल पानीग्राही ने बताया कि शिविर में मौजूद कर्मचारियों ने पूरी ईमानदारी और तत्परता से समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया। वहीं नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों को जनसमस्याओं को लेकर गंभीर बताते हुए आयोजन को प्रशासनिक सजगता का प्रतीक बताया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए थे, जहां योजनाओं की जानकारी दी गई एवं राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार अतिथियों की उपस्थिति में कराया गया। उल्लेखनीय उपस्थिति: शिविर में जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, पूर्व महापौर सफिरा साहू, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, योगेंद्र पांडे, पार्षद संग्राम सिंह राणा, नरसिंह राव, श्याम सुंदर बघेल, कलावती कसेर, खगेश ठाकुर, यशवंत ध्रुव, गायत्री बघेल, माया नायक, सहित प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्र के अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे। ईएमएस(संजय कुमार जैन)29 मई 2025