राज्य
29-May-2025
...


- नगर निगम के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी अलीगढ़ (ईएमएस)। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपने वेतन न मिलने के विरोध में नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और हल्ला बोल किया। सफाई कर्मचारियों ने कुछ दिनों से धरना प्रदर्शन भी किया था। सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। सफाई मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने सुखमा कंपनी के निजीकरण का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों का विरोध नगर निगम द्वारा जोन 2 और जोन 4 की सफाई व्यवस्था को निजी कंपनी सुखमा को सौंपने के फैसले के खिलाफ है। कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण से उनकी नौकरी खतरे में पड़ जाएगी। नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी के नेतृत्व में कर्मचारी कई दिनों से अपनी मांगें रख रहे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि सुखमा कंपनी का टेंडर रद्द किया जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि सुखमा कंपनी के पास पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। फिर भी उसे करोड़ों रुपये का बिल पास किया जा रहा है।इससे पहले कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने यह कदम उठाया। प्रदर्शन की सूचना पर सीओ तृतीय अभय पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए नगर निगम परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 29 मई 2025