मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई पुलिस बल में बड़ा फेरबदल किया गया है। मुंबई पुलिस बल में 13 पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) का तबादला किया गया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में तबादले किए गए हैं। इन तबादलों के अनुसार कृष्णकांत उपाध्याय को परिमंडल 3 में नियुक्त किया गया है, जबकि दत्ता किसन नलावड़े को परिमंडल 10 में नियुक्त किया गया है। वहीं महेश धर्माजी चिमटे को परिमंडल 12 में और समीर असलम शेख को परिमंडल 6 में नियुक्त किया गया है। साथ ही राकेश ओला को परिमंडल 7 की जिम्मेदारी दी गई है। नवनाथ ढवले को एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड, विजयकांत मंगेश सागर को पोर्ट जोन और प्रशांत अशोक सिंह परदेशी को परिवहन विभाग (दक्षिण) में स्थानांतरित किया गया है। जबकि निमित गोयल को विशेष कार्रवाई बल (एसएएफ) और दत्तात्रेय कांबले को विशेष शाखा 1 में नियुक्त किया गया है। पुरुषोत्तम नारायण करहाड़ को साइबर और अपराध विभाग, सचिन बी. गुंजाल को प्रतिबंधक अपराध शाखा और राज तिलक रोशन को अपराध जांच विभाग दिया गया है। इन फेरबदल से मुंबई पुलिस बल के विभिन्न विभागों को नेतृत्व करने के लिए नए अधिकारी मिलेंगे। उम्मीद है कि अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, मादक पदार्थ संचालन और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति से आने वाले दिनों में शहर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। संजय/संतोष झा- ३१ मई/२०२५/ईएमएस