राज्य
02-Jun-2025
...


धूल भरी आंधी के बीच बूंदाबांदी की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। नौतपा के नौवें और अंतिम दिन भी पारा 37 डिग्री पर ही स्थिर रहा| इस साल नौतपा अपने तेवर दिखाए बिना विदा हो गए। पूरे 9 दिन तक पारा 36 से 38 के बीच झूलता रहा, लेकिन उमस भरी गर्मी ने जमकर परेशान किया| नौतपा के छटवें दिन जहां हल्की वर्षा दर्ज हुई वहीं कुछ दिन बूंदाबांदी भी हुई| आखिरी दिन जमकर तपन महसूस हुई। दोपहर बाद बादल छाये और उमस का वातावरण बना रहा। शाम ढलने के बाद भी तपन और उमस हावी रही। नौतपा में पूरे नौ दिन बादलों और हवाओं के बीच गुजरे, एक भी दिन पारा 40 डिग्री के ऊपर नहीं जा पाया| अगले 24 घंटों के दौरान संभाग में वर्षा और धूल भरी आंधी की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्री मानसून का सिस्टम अभी डेवलप नहीं हुआ है और दक्षिण पश्चिम मानसून 16 जून तक आने की संभावना है| आसमान पर बादलों की आवक जावक बनी रही। इससे उमस घेरे रही। सोमवार की सुबह से ही मौसम साफ रहा। जिससे तापमान को उछाल लेने का मौका मिला। तेज तपन से गर्मी महसूस की गई और बादलों की वजह से उमस ने हलाकान किया। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 37.05 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 49 प्रतिशत और सायंकाल 43 प्रतिशत दर्ज की गई। गत वर्ष आज के दिन अधिकतमान तापमान 39.05 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.02 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक अगले २४ घंटों के दौरान संभाग में कहीं कहीं धूल भरी आंधी के बीच छुटपुट वर्षा होने की संभावना जताई गई है। सुनील साहू / मोनिका / 02 जून 2025/ 06.31