अंतर्राष्ट्रीय
04-Jun-2025


कीव(ईएमएस)। यूक्रेन ने फिर रूस को बड़ा झटका दिया है। इस बार यूक्रेन ने रूस के अंदर घुसकर केर्च पुल को उड़ा दिया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि 1100 किलोग्राम के अंडरग्राउंड बम से केर्च पुल को निशाना बनाया है। विस्फोट के बाद रूस ने केर्च पुल पर आवाजाही को रोक दिया है। केर्च पुल यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान के लिए एक बड़ा रणनीतिक मार्ग है। यह रूस की मुख्य भूमि को कब्जे वाले क्रीमिया से भी जोड़ता है। यह पुल पहले भी कई बार यूक्रेनी हमलों का शिकार हुआ है। वहीं, रूस ने यूक्रेन के शहर सुमी को निशाना बनाकर हमला किया जिसमें करीब तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले की निंदा कर कहा कि यह इस बात को रेखांकित करता है कि मॉस्को का तीन साल से जारी युद्ध को रोकने का कोई इरादा नहीं है। इसके दो दिन पहले यूक्रेन ने ड्रोन के जरिये रूस के अंदर घुसकर उसके हवाई अड्डों पर भीषण हमला किया था जिसमें कई विमान नष्ट हो गए थे। यूक्रेन ने दावा किया था कि रूस के कम से कम 41 बमवर्षक विमानों को नष्ट कर दिया है। हालांकि, रूस की तरफ से सिर्फ हवाई अड्डों पर हमले की बात स्वीकारी गई थी। इस हमले को रूस के लिए बड़ा झटका बताया गया, क्योंकि इस दौरान यूक्रेन ने भारी नुकसान पहुंचाया। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रत्यक्ष शांति वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने के एक दिन बाद शहर के केंद्र में स्थित इमारतों और एक अस्पताल पर रॉकेटों की बौछार कर दी गई। जेलेंस्की ने कहा कि सुमी पर दागे गए रॉकेटों में से एक इमारत की दीवार में घुस गया, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ। जेलेंस्की ने लिखा, इस युद्ध को समाप्त करने से जुड़ी रूस की इच्छा के बारे में आपको बस इतना ही जानना चाहिए। उन्होंने कहा, यह स्पष्ट है कि वैश्विक दबाव के बिना, अमेरिका, यूरोप और दुनिया के सभी सत्तारूढ़ लोगों की निर्णायक कार्रवाई के बिना, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन युद्धविराम के लिए सहमत नहीं होने वाले है। इस्तांबुल में हुई वार्ता में युद्धरत देशों के प्रतिनिधिमंडल मृत और घायल सैनिकों की अदला-बदली करने पर सहमत हुए थे, लेकिन युद्ध समाप्त करने के लिए उनकी शर्तें बहुत अलग-अलग रहीं। एसबीयू ने कहा कि रातभर समुद्र तल पर 1,100 किलोग्राम विस्फोटक में धमाका किया जिससे पुल की नींव को नुकसान पहुंचा। इसने कहा कि इस ऑपरेशन को अंजाम देने में कई महीने की मेहनत शामिल है। एसबीयू ने कहा कि फरवरी 2022 में रूस के हमले के बाद से यह पुल पर तीसरा यूक्रेनी हमला है। आशीष दुबे / 04 जून 2025