जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा उमरिया (ईएमएस)। जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा। हमारी सेना ने पाकिस्तान की सेना को धूल चटा दी। बदलते दौर में देश बदला। पीएम ने भी कहा है कि दुश्मन अगर गोली चलाएगा, तो उसे गोले से जवाब मिलेगा। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उमरिया के पाली में कही। उन्होंने यहां गोरैया पंचायत में पेसा ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के साथ विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह, सांसद शहडोल हिमाद्री सिंह, पूर्व मंत्री के ज्ञान सिंह भी मौजूद रहे। सीएम ने विकास का संकल्प भी दिलवाया। सीएम ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में शव वाहन दिया जाएगा। इससे किसी को भी शव ले जाने में दिक्कत नहीं होगी। अस्पताल में गरीब मरीज की मौत होने पर शव को उसके घर पहुंचाने का जिम्मा सरकार का है। सीएम ने कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सालभर मेले लगाए जाएंगे। बड़ा कार्यक्रम भोपाल में अक्टूबर महीने में किया जाएगा। सीएम ने कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि भगवान का नाम नहीं लेंगे, तो क्या रावण या कंस का नाम लेंगे। इनको तो शर्म आती नहीं है। इस मौके पर सीएम ने मुख्यमंत्री 14.71 करोड़ रुपए की चार नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। मानपुर नगर पालिका में अमृत 2.0 के तहत 7 करोड़ का नाला डायवर्सन और एसटीपी का निर्माण होगा। मानपुर में 5.57 करोड़ की तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना बनेगी। धनवार में 1.39 करोड़ का मिडिल स्कूल बनेगा। मानपुर के वार्ड 7 में 75 लाख रुपए का नया कार्यालय भवन का निर्माण होगा। इसके साथ ही 39.14 करोड़ रुपए की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। पौड़ी में 8.63 करोड़ का जोहिला नदी पुल बनेगा।