नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीयों की रसोई में रोजाना बनने वाली रोटियों को सेहत को बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है1 यही रोटियां अगर चोकर सहित आटे से बनाई जाएं तो यह केवल स्वाद ही नहीं, सेहत के लिए भी एक अनमोल उपहार बन जाती हैं। चोकर यानी गेहूं का बाहरी छिलका, जिसे अक्सर आटा छानते समय अलग कर दिया जाता है, पोषण का खजाना होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चोकर से भरपूर रोटियां शरीर को जरूरी फाइबर और पोषक तत्व प्रदान करती हैं, जिससे न केवल पाचन क्रिया मजबूत होती है, बल्कि अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से भी राहत मिलती है। गेहूं के चोकर में घुलनशील और अघुलनशील फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो आंतों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाते हैं। चोकर वाली रोटियों का सेवन करने से पेट साफ रहता है और कब्ज, गैस, अपच जैसी समस्याएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। इतना ही नहीं, यह आंतों में जमी गंदगी को भी साफ करने में मदद करता है, जिससे शरीर प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स होता है। यह एक ऐसा विकल्प है, जिसे अपने दैनिक आहार में शामिल कर पाचन को बेहतर बनाया जा सकता है। चोकर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत ही कम, लगभग 15 होता है, जिससे यह ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ाता। यही वजह है कि यह मधुमेह के रोगियों के लिए एक सुरक्षित और लाभकारी विकल्प माना जाता है। धीरे पचने वाला यह भोजन शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे भूख जल्दी नहीं लगती और बार-बार खाने की आदत पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इससे न केवल वजन नियंत्रित रहता है, बल्कि मोटापा भी दूर होता है। चोकर में मौजूद फाइबर शरीर से खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मदद करता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा घटता है। यह हृदय की सेहत को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। साथ ही, इसके सेवन से बवासीर, पेट दर्द, खट्टी डकारें, एसिडिटी और सीने की जलन जैसी आम समस्याओं में भी राहत मिलती है। आधुनिक जीवनशैली में खानपान की बिगड़ती आदतों के चलते ऐसी समस्याएं आम हो गई हैं, जिनसे निपटने के लिए चोकर युक्त रोटियों को एक कारगर उपाय माना जा सकता है। कई शोधों में यह बात साबित हो चुकी है कि चोकर में एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइटोकेमिकल्स होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। यही नहीं, चोकर युक्त रोटियां त्वचा को भी पोषण देती हैं और लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो अगर हर व्यक्ति अपने भोजन में चोकर वाली रोटियों को स्थान दे, तो यह छोटी-सी आदत बड़ी बीमारियों से बचाव में मददगार हो सकती है। यह न केवल शरीर को भीतर से स्वस्थ बनाती हैं, बल्कि स्वाद में भी भरपूर होती हैं। सुदामा/ईएमएस 09 जून 2025