-नाटो चीफ ने रूस को लेकर बड़े खतरे की दी चेतावनी लंदन,(ईएमएस)। नाटो चीफ ने रूस को लेकर बड़े खतरे की चेतावनी देते हुए कहा कि रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2030 तक गठबंधन पर हमला कर सकते हैं। नाटो के महासचिव मार्क रूटे ने यूरोप से मिसाइल रक्षा प्रणालियों पर अपने खर्च को बड़े पैमाने पर बढ़ाने को कहा है। उन्होंने यह अपील ऐसे समय की है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गोल्डन डोम मिसाइल डिफेंस बनाने की घोषणा की है। 2029 तक तैयार होने वाली इस वायु रक्षा प्रणाली में 500 अरब डॉलर की लागत आएगी। इस बीच रूस ने यूक्रेन में हमले तेज कर दिए हैं। नाटो प्रमुख ने कहा कि गठबंधन को अपनी रक्षा प्रणालियों के निर्माण में बड़ी छलांग लगाने की जरूरत है, क्योंकि पुतिन युद्ध मशीन धीमी होने के बजाय तेज हो रही है। कुछ दिन पहले ही रूस ने 400 से ज्यादा ड्रोन और 44 मिसाइलों से यूक्रेन पर हमला किया था। इसमें बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं। इसे रूस के हवाई ठिकानों पर यूक्रेनी ड्रोन हमले का जवाब माना जा रहा था, जिसमें रूसी विमानों के बेड़े को भारी नुकसान पहुंचा था। उन्होंने कहा कि यूरोप को भी आसमान की रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि यूक्रेन पर रूस के हमले ने दिखा दिया है कि मॉस्को ऊपर से मिसाइलों की बारिश करता है। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि हमें अपनी सामूहिक रक्षा में एक बड़ी छलांग लगाने की जरूरत है। हमें अपनी रक्षा योजनाओं को पूरी तरह लागू करने के लिए ज्यादा बल और क्षमताएं होनी चाहिए। यूक्रेन में युद्ध खत्म होने के बाद भी खतरा खत्म नहीं होगा। नाटो चीफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अच्छी सोच हमें सुरक्षित नहीं रखेगी। हम खतरे को सपने में नहीं टाल सकते। उम्मीद रखना कोई रणनीति नहीं। इसलिए नाटो को एक मजबूत, निष्पक्ष और ज़्यादा घातक गठबंधन बनना होगा। उन्होंने यूरोपीय नेताओं से अपनी वायु और मिसाइल रक्षा क्षमताओं को 400 फीसदी तक बढ़ाने का आह्वान किया है। नाटो चीफ ने यूरोपियों नेताओं से सेना को हजारों वाहनों, टैंकों और लाखों तोपों से लैस करने का आह्वान किया। इसके साथ ही सहयोगियों से रसद, परिवहन और चिकित्सा सहायता समेत सैन्य शक्ति का समर्थन करने के लिए अपने संसाधनों को दोगुना करने पर भी जोर दिया। उन्होंने एक बड़े खतरे की तरफ इशारा किया, जिसमें पुतिन के चीन, उत्तर कोरिया और ईरान के साथ मिलकर काम करने की संभावना जताई है। सिराज/ईएमएस 11 जून 2025