वाशिंगटन (ईएमएस)। हैल्थ एक्सपटर्स की माने तो महिलाओं के 40 साल की उम्र के बाद शरीर के कई अंग कमजोर होने लगते हैं और जवानी का दौर धीरे-धीरे खत्म होने लगता है। शारीरिक विकास एक उम्र तक जारी रहता है, उसके बाद शरीर में बदलाव आने लगते हैं। हर महिला चाहती है कि उसकी उम्र बढ़ने के बावजूद उसकी खूबसूरती और जवानपन बरकरार रहे, लेकिन उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है जिसे रोका नहीं जा सकता। विज्ञान की दृष्टि से देखें तो महिलाओं की सबसे ज्यादा जवानी और स्वास्थ्य 20 से 30 वर्ष की उम्र में होती है। इस उम्र में महिला का शरीर शारीरिक रूप से सबसे फिट और चुस्त होता है। हार्मोनल स्तर इस समय सामान्य और संतुलित रहता है, खासकर एस्ट्रोजन हार्मोन का उच्च स्तर त्वचा की चमक बनाए रखने, बालों को मजबूत रखने और शरीर को ऊर्जा से भरपूर रखने में मदद करता है। इस अवधि में महिलाओं का मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है, वे नई चीजें सीखने और अपने कार्यों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अधिक उत्साही होती हैं। 30 के बाद शरीर में हार्मोन के स्तर में धीरे-धीरे गिरावट आने लगती है, जिससे त्वचा की चमक कम हो सकती है और बालों में कमजोरी आ सकती है। हालांकि, यह समय महिलाओं के करियर और व्यक्तिगत जीवन के लिए महत्वपूर्ण होता है क्योंकि इस उम्र में वे मानसिक रूप से परिपक्व और अनुभव में निपुण होती हैं। 40 से 50 साल के बीच महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर और भी घटता है, जिससे मेनोपॉज की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। मेनोपॉज के दौरान महिलाओं को थकान, मूड स्विंग्स और नींद की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इस उम्र में महिलाओं की मानसिक ताकत और स्थिरता बढ़ जाती है, जो उन्हें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने में मदद करती है। उम्र के साथ होने वाले शारीरिक बदलावों के बावजूद, सही जीवनशैली अपनाकर महिलाएं अपने स्वास्थ्य और जवानी को लंबे समय तक बनाए रख सकती हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव से बचाव, अच्छी नींद और योग या ध्यान जैसी तकनीकों का अभ्यास इस दिशा में सहायक होता है। शोध बताते हैं कि जो महिलाएं स्वस्थ आहार के साथ नियमित रूप से व्यायाम करती हैं, वे शारीरिक और मानसिक रूप से अपनी वास्तविक उम्र से कई साल जवान बनी रह सकती हैं। त्वचा की देखभाल और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी उनकी खूबसूरती बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सुदामा/ईएमएस 12 जून 2025