व्यापार
12-Jun-2025
...


सेंसेक्स 868 , निफ्टी 253 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से भी निवेशकों ने सतर्कता बरती है। उससे भी बाजार पर दबाव आया। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 868 अंक नीचे आकर 81,646.79 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 253 अंक की गिरावट के साथ ही 24,855.60 पर बंद हुआ। आज के कारोहार के दौरान टेक महिंद्रा, अपोलो हॉस्पिटल्स, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, विप्रो के शेयर सबसे अधिक लाभ वाले शेयर रहे। वहीं टाटा मोटर्स, कोल इंडिया, टाटा स्टील, श्रीराम फाइनेंस, एलएंडटी के शेयर सबसे अधिक नुकसान वाले शेयर रहे। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान पर कारोबार किए, जिसमें ऑटो, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस, रियल्टी में 1-1 फीसदी की गिरावट आई। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1-1 फीसदी की गिरावट आई. बाजार जानकारों के अनुसार मध्य पूर्व में बढ़े तनाव से नकारात्मक संकेत मिले हैं। इससे एशियाई और यूरोपीय बाजार गिरे हैं। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार समझौता भी बाजार को उत्साह नहीं दे पाया क्योंकि निवेशक अधिक व्यापक और निर्णायक समझौते की उम्मीद कर रहे थे। वैश्विक शेयर बाजारों में गुरुवार को गिरावट जारी रही, जिससे भारतीय बाजारों पर दबाव बढ़ गया, क्योंकि निवेशक अमेरिका के कमजोर मुद्रास्फीति आंकड़ों, जारी व्यापार चिंताओं और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों को लेक सावधानी बरत रहे हैं। इस साल के अंत में फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती शुरू करने की बढ़ती उम्मीदों से भी अमेरिकी डॉलर लगभग दो महीने के निचले स्तर पर कमजोर हो गया। . इससे पहले आज सुबह भारतीय शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक सेक्टर में बिकवाली आई। सुबह की शुरुआत में सेंसेक्स 69.22 अंक बढ़कर 82,584.36 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 23.65 अंक बढ़कर 25,165.05 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी बैंक 98.65 अंक बढ़कर 56,558.40 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 120.40 अंक गिरने के बाद 59,267.75 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 26.40 अंक की गिरावट के बाद 18,772.35 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स पैक में, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाभ में रहे। जबकि, इंफोसिस, इटरनल, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा स्टील और इंडसइंड बैंक के शेयर गिरेहे। एशियाई बाजारों में, हांगकांग, बैंकॉक, जकार्ता और जापान लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि सोल और चीन हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में, अमेरिका में डॉव जोन्स 1.10 अंक की गिरावट के साथ 42,865.77 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 16.57 अंक की गिरावट के साथ 6,022.24 पर और नैस्डैक 99.11 अंक की गिरावट के साथ 19,615.88 पर बंद हुआ। गिरजा/ईएमएस 12जून 2025