अंतर्राष्ट्रीय
15-Jun-2025
...


स्टॉकहोल्म (ईएमएस)। अगर कोई व्यक्ति लगातार तीन रातों तक ठीक से नहीं सोता है, तो उसे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। यह खुलासा हुआ है स्वीडन की उप्साला यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए ताजा अध्ययन में। नींद की कमी से शरीर में सूजन की मात्रा बढ़ जाती है, जो हृदय रोगों का कारण बन सकती है। यह रिसर्च खास तौर पर स्वस्थ और जवान लोगों पर किया गया, जिससे यह पता चला कि नींद का दिल के स्वास्थ्य पर प्रभाव जीवन के शुरुआती दौर से ही महत्वपूर्ण होता है। अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता डॉ. जोनाथन सेडरनेस ने बताया कि पहले किए गए ज्यादातर शोध अधेड़ उम्र के लोगों पर केंद्रित थे, जो पहले से ही दिल की बीमारियों के जोखिम में होते हैं। लेकिन इस बार पूरी तरह स्वस्थ और जवान पुरुषों को तीन रातों तक कम नींद दी गई, जिससे उनके शरीर में सूजन और हृदय से जुड़ी अन्य बायोमार्कर्स की मात्रा बढ़ी। अध्ययन में 16 स्वस्थ पुरुषों को शामिल किया गया, जिनका वजन और नींद का सामान्य पैटर्न था। इन्हें दो बार नींद प्रयोगशाला में रखा गया, जहां एक बार उन्हें पूरी नींद लेने दी गई और दूसरी बार हर रात केवल 4 घंटे की नींद दी गई। दोनों स्थितियों में खाने-पीने और गतिविधियों को नियंत्रित रखा गया। प्रत्येक सुबह और शाम, खासकर तेज व्यायाम के बाद, इनके रक्त नमूने लिए गए और लगभग 90 प्रकार के प्रोटीन का विश्लेषण किया गया। नींद की कमी के दौरान कई ऐसे प्रोटीन बढ़े जो सूजन और दिल की बीमारियों से जुड़े होते हैं। हालांकि, व्यायाम के दौरान कुछ लाभकारी प्रोटीन भी बढ़े, जिससे पता चला कि कम नींद के बावजूद व्यायाम के कुछ फायदे मिलते हैं। लेकिन शोध में यह भी सुझाव दिया गया कि कम नींद के साथ व्यायाम करने पर दिल की मांसपेशियों पर थोड़ा अधिक प्रभाव पड़ सकता है। सुदामा/ईएमएस 15 जून 2025