राष्ट्रीय
15-Jun-2025


पटना,(ईएमएस)। बाहुबली नेता अनंत सिंह मोकामा शूटआउट में फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। इस बीच उनके काफिले में लैंड क्रूसर जेड एक्स शामिल हो गई है। अनंत सिंह के करीबी चंदन ने बताया कि इसकी कीमत 3 करोड़ है। ये दिल्ली से आई है।पटना आने के बाद नई गाड़ी की बड़हिया के जगदंबा मंदिर में पूजा की गई। अब सफेद रंग की लैंड क्रूसर जेड एक्स पटना में पूर्व विधायक के आवास पर लगी है। रौबदार मूंछें, काउबॉय हैट और हमेशा चश्मा पहनने के शौकीन अनंत सिंह अपने शौक को लेकर काफी चर्चा में रहते हैं। एक बार अनंत सिंह घोड़ा-बग्गी को लेकर विधानसभा पहुंच गए थे। बग्गी के इस्तेमाल पर अनंत सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया था कि इसमें पेट्रोल की जरूरत नहीं होती है।अनंत सिंह की चर्चा केवल क्राइम और सियासत के कॉकटेल तक ही सीमित नहीं है। ये घोड़े के शौक के लिए भी जाने जाते हैं। बात 2007 की है। पशुओं के मेले में अनंत सिंह लालू यादव का घोड़ा लेकर पहुंच गए थे। अनंत सिंह को पता था कि लालू उन्हें अपना घोड़ा नहीं बेचेंगे, इसलिए उन्होंने किसी दूसरे के जरिए लालू के घोड़े को खरीदा था और उसे लेकर मेले में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही अनंत सिंह का जन्मदिन था। इसी मौके पर यह गाड़ी खरीदी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बॉलीवुड स्टार शाहरूख खान और आकाश अंबानी के पास ये गाड़ी है। वीरेंद्र/ईएमएस/15जून2025