जगदलपुर(ईएमएस)। विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक अहम कदम उठाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण देव और सांसद महेश कश्यप ने उपनपाल और कोंडावाल गांव में करीब 29.40 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उपनपाल में माता गुड़ी निर्माण (लागत 7.20 लाख रुपए), अहाता निर्माण (5 लाख रुपए) और कोंडावाल के बालीकोंटा क्षेत्र में 200 मीटर लंबी सीसी सड़क (लागत 10 लाख रुपए) सहित अन्य कार्यों की नींव रखी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किरण देव ने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद प्रदेश भर में विकास की रफ्तार तेज़ हुई है। हमारी सरकार का लक्ष्य जनता की मूलभूत जरूरतों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापक परिवर्तन हो रहा है, उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह विकास कार्य स्थानीय जनता की वर्षों पुरानी मांगों के अनुरूप हैं और इनसे आम जनजीवन को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद महेश कश्यप ने भी अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिले, यह प्राथमिकता है। भूमिपूजन समारोह में जिला पंचायत सदस्य बिंदु साहू, जनपद सदस्य अर्जुन सेठिया, देवकी कश्यप, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया, सरपंच वासुदेव गोयल, सांसद प्रतिनिधि आनंद मोहन मिश्रा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का भरोसा दिलाया और ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की। ईएमएस(संजय कुमार जैन)15 जून 2025
processing please wait...