17-Jun-2025
...


मुंबई, (ईएमएस)। आखिरकार सुधाकर बडगूजर मंगलवार को आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए हैं। सुधाकर बडगुजर के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पिछले कई दिनों से चल रही थी। मंगलवार को मुंबई स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में उनका भव्य पार्टी प्रवेश हुआ। भाजपा नेताओं के विरोध के बावजूद उद्धव ठाकरे के कट्टर समर्थक सुधाकर बडगूजर मंललवार को चार पहिया वाहन, 100 बसों और 4 हजार कार्यकर्ताओं के साथ बड़े शक्ति प्रदर्शन के साथ नासिक से मुंबई पहुंचे। इससे सुधाकर बडगूजर के पार्टी में प्रवेश को लेकर काफी चर्चा हुई। मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं समेत सुधाकर बडगूजर के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी। प्रवेश के समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मंत्री गिरीश महाजन और अन्य नेता भी मौजूद थे। सुधाकर बडगूजर के साथ पूर्व समाज कल्याण मंत्री बबन घोलप, पूर्व नगरसेवक मनसे दिलीप दातिर, पूर्व नगरसेवक एनसीपी मनोहर बोराडे, बालासाहेब सानप, सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चुंबले ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सूत्रों की मानें तो भाजपा नेताओं के विरोध के कारण पिछले कुछ दिनों से सुधाकर बडगूजर का पार्टी में प्रवेश टल रहा था। आखिरकार सुधाकर बडगूजर ने कमल थाम लिया है। कहा जा कि गिरीश महाजन और रवींद्र चव्हाण के प्रयासों के बाद कुछ स्थानीय नेताओं ने बडगूजर के प्रवेश पर सहमति जताई। दरअसल कुछ दिन पहले नाराज विधायक सीमा हिरे ने पूर्व नगरसेवकों और पदाधिकारियों के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले से मुलाकात भी की थी। मांग की गई थी कि बडगूजर को पार्टी में प्रवेश न दिया जाए। लेकिन अब सुधाकर बडगूजर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। संजय/संतोष झा- १७ जून/२०२५/ईएमएस