राष्ट्रीय
20-Jun-2025
...


-शुक्रवार को कुल 9 फ्लाइट्स हुईं कैंसिल नई दिल्ली,(ईएमएस)। एयर इंडिया के विमान को फिर परेशानी का सामना करना पड़ा है। दिल्ली से पुणे के लिए रवाना हुआ विमान एक पक्षी से टकरा गया। इसके बाद एयरलाइन को इसकी वापसी की यात्रा रद्द करनी पड़ी। एयरलाइंस ने कहा कि विमान पुणे में सुरक्षित लैंड हुआ। इसके बाद ही पक्षी के टकराने की बात पता चली। एयरलाइंस ने बताया कि 20 जून को पुणे से दिल्ली के लिए उड़ी फ्लाइट्स को पक्षी के टकराने के कारण रद्द किया गया है। आने वाली उड़ान के पुणे में सुरक्षित उतरने के बाद पक्षी के टकराने का पता चला। कंपनी ने कहा कि वे यात्रियों को ठहराने की सुविधा प्रदान करने सहित समस्त इंतजाम कर रही है। एयर इंडिया ने कहाकि रद्दीकरण या पुनर्निर्धारण पर यात्रियों को राशि वापस करने की पेशकश भी की जा रही है, वहीं यात्रियों को दिल्ली ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। बता दें कि इसके पहले एयर इंडिया बताया कि 21 जून से 15 जुलाई के बीच 16 अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर उड़ानें कम होगी। इसके अलावा इस दौरान तीन विदेशी गंतव्यों पर उड़ानें निलंबित रहेंगी। इन फ्लाइट्स में विभिन्न देशों की उड़ानों के साथ-साथ कुछ डोमेस्टिक फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं। इससे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ी है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने कहाकि इसका उद्देश्य कार्यक्रम स्थिरता बहाल करना और यात्रियों को अंतिम समय में होने वाली असुविधा को कम करना है। एअर इंडिया ने शुक्रवार को कुल 9 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। इसमें 4 इंटरनेशनल और 5 डोमेस्टिक हैं। एअर इंडिया ने बताया कि एयरपोर्ट पर मेंटेनेंस और ऑपरेशनल वजहों से इन उड़ानों को रद्द किया है। डोमेस्टिक फ्लाइट्स में पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट, अहमदाबाद से दिल्ली की फ्लाइट, हैदराबाद से मुंबई की फ्लाइट और चेन्नई से मुंबई की फ्लाइट कैंसिल हुई हैं। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स में दुबई से चेन्नई आ रही फ्लाइट , दिल्ली से मेलबर्न जा रही फ्लाइट, मेलबर्न से दिल्ली आ रही फ्लाइट और दुबई से हैदराबाद आ रही फ्लाइट शामिल हैं। वहीं, दिल्ली से पुणे जा रही फ्लाइट से पक्षी टकराया गया, जिसके चलते विमान की रिटर्न जर्नी कैंसिल कर दी गई है। आशीष दुबे / 20 जून 2025