क्षेत्रीय
22-Jun-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई को जलापूर्ति करने वाली सभी सात झीलें वर्तमान में 25 प्रतिशत क्षमता पर होने से पानी की कमी का संकट टल गया है। जमा हुआ पानी मुंबई के लिए अगले 95 दिनों यानी सितंबर महीने तक के लिए पर्याप्त है। इसलिए मुंबईकरों के लिए पानी की कमी का संकट टल गया है। आपको बता दें कि मुंबई को मोडक सागर, मध्य वैतरणा, अपर वैतरणा, भातसा, तानसा, विहार और तुलसी जैसे सात बांधों से रोजाना 3,850 मिलियन लीटर पानी मिलता है। पूरे साल मुंबई की प्यास बुझाने के लिए 1 अक्टूबर को सभी सात बांधों में 14,47,363 मिलियन लीटर पानी संग्रहित रहने की जरूरत है। इस भंडारण के हिसाब से ही मुंबई की पूरे साल की जलापूर्ति की योजना बनाई जाती है। पूरे साल के लिए जरूरी पानी संग्रहित करने के लिए जून से झील क्षेत्र में भारी बारिश होना जरूरी है। हालांकि, इस साल मई के आखिर में शुरू हुई बारिश ने कुछ समय के लिए बांध क्षेत्र से मुंह मोड़ लिया था और पानी का भंडारण 10 प्रतिशत तक कम हो गया था। इसके कारण मुंबई में पानी की कमी का संकट पैदा हो गया था। लेकिन जून के आखिरी दो हफ्तों में हुई मानसून की बारिश ने इस कमी को पूरा कर दिया है। फिलहाल इन बांधों में 25 प्रतिशत पानी जमा हो चुका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रहेगी, जिससे मुंबई में पानी का संकट टल गया है। स्वेता/संतोष झा- २२ जून/२०२५/ईएमएस