नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा को एनकाउंटर में मार गिराया। नॉर्थ दिल्ली इलाके में प्रेम बाड़ी पुल के नजदीक नहर पर स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर सोमवीर की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। दोनों ओर से तीन से चार राउंड गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। एसआई प्रवीण और रोहन को गोली लगी है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, बदमाश रोमिल को मार गिराया गया है। रोमिल वोहरा अशोक विहार में हुई लूट और मर्डर के केस में वांटेड चल रह था। वह कुख्यात काला राणा-नोनी राणा गैंग का सक्रिय शूटर था। रोमिल वोहरा हरियाणा और आसपास के इलाकों में अपराध की दुनिया में बड़ा नाम था। यमुनानगर में हुए तिहरे हत्याकांड और कुरुक्षेत्र के शांतनु मर्डर केस में उसकी संलिप्तता के पुख्ता सबूत पुलिस के पास थे। इसके अलावा, रोमिल वोहरा हत्या, लूट और फिरौती जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल था। हरियाणा पुलिस ने रोमिल की गिरफ्तारी पर 1 लाख का इनाम था क्योंकि उसने छोटी सी उम्र में बड़े-बड़े अपराध किए थे। वह यमुनानगर के अशोक विहार का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, उसने 8 महीने के अंदर ही 4 मर्डर किए थे। रोमिल दिसंबर 2024 यमुनानगर के खेड़ी लक्खा सिंह में हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल था। यहां उसने गोलनी के रहने वाले बीजेपी नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई वीरेंद्र राणा, उन्हेडी के रहने वाले शराब ठेकेदार अर्जुन राणा और उत्तर प्रदेश के शामली के गांव मखमूलपुर के रहने वाले पंकज मलिक की हत्या की थी। 13 जून की रात करीब 8 बजे कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मीना मार्केट में शराब कारोबारी शांतनु पर फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसमें भी रोमिल शामिल था। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/जून/2025