राज्य
24-Jun-2025


पटना, (ईएमएस)। बिहार सरकार ने राज्यभर में 16 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इन नए स्कूलों के शुरू होने के बाद बिहार में केंद्रीय विद्यालयों की कुल संख्या बढ़कर 69 हो जाएगी। इस संदर्भ में शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि किन स्थानों पर केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है। बताया जा रहा है कि पटना और नालंदा जिलों में दो-दो केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे, जबकि मुंगेर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, गया, भागलपुर, कैमूर, मधेपुरा, मधुबनी, शेखपुरा, दरभंगा और अरवल जिलों में एक-एक विद्यालय खोलने की योजना है। सभी जिलों से सर्वे रिपोर्ट जब प्राप्त हो जाएगा तो प्रस्तावित जमीनों का निरीक्षण कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ज्ञात हो कि केंद्रीय विद्यालय केंद्र सरकार के अधीन कार्य करते हैं और ये केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होते हैं। इनका संचालन केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) द्वारा किया जाता है। दरअसल ये स्कूल मुख्य रूप से केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए बनाए गए थे, हालांकि अब आम नागरिकों के बच्चे भी इनमें शिक्षा प्राप्त करते हैं। वर्तमान में देशभर में 1250 से अधिक केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें से 53 बिहार में स्थित हैं। अब 16 नए विद्यालयों की स्वीकृति मिलने के बाद यह संख्या बढ़कर 69 हो जाएगी। संतोष झा- २४ जून/२०२५/ईएमएस