25-Jun-2025
...


गुना (ईएमएस)। भारतीय लोकतंत्र के सबसे काले अध्याय के रूप में याद किए जाने वाले आपातकाल की 50वीं बरसी पर भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को भाजपा जिला गुना द्वारा आयोजित एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश को आपातकाल दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को अमृतकाल में प्रवेश कराया है। गुना के एक निजी होटल में आयोजित इस पत्रकार वार्ता से पहले आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उद्घाटन जिले के अतिथियों ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, विधायक पन्नालाल शाक्य, नपाध्यक्ष सविता गुप्ता, आपातकाल के जिला संयोजक अशोक शर्मा, और भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी विकास जैन भी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में चल रहे जन आंदोलन को कुचलने के लिए आपातकाल लागू किया था। उन्होंने कहा कि यह दिन भारत के लोकतंत्र पर कलंक है और कांग्रेस का काला सच है। उन्होंने बताया कि कैसे इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को शून्य घोषित किया था, और इसके तुरंत बाद उन्होंने राष्ट्रपति पर दबाव बनाकर रातोंरात देश में आपातकाल लागू कर दिया। इस दौरान लोकतंत्र की हत्या हुई, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीनी गई, मीडिया संस्थानों पर ताले लगाए गए, और विपक्षी नेताओं को जेलों में ठूंस दिया गया। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं को जेल में बंद कर दिया गया। आंदोलनकारियों को यातनाएं दी गईं, उन्हें परिजनों के अंतिम संस्कार में शामिल होने तक की अनुमति नहीं मिली। श्री शर्मा ने कहा कि जो लोग तब संविधान की हत्या कर रहे थे, आज वही लोग संविधान की रक्षा का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने अपने निजी स्वार्थों के लिए 100 से ज्यादा बार संविधान में संशोधन किए। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा का संविधान संशोधन जनहित में होता है, जबकि कांग्रेस का हर कदम स्वार्थ से प्रेरित रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है, तब हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम फिर कभी तानाशाही मानसिकता को पनपने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि धारा 370 और 35ए हटाकर एक विधान, एक निशान, एक प्रधान की विचारधारा को जमीन पर उतारा गया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व का परिणाम है। पत्रकार वार्ता के माध्यम से भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले सेनानियों को नमन किया और इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाने का संकल्प दोहराया। सीताराम नाटानी, ईएमएस, २५ जून, २०२५