उल्हासनगर, (ईएमएस)। अवैध निर्माण करोगे तो कार्रवाई होगी के अपने स्पष्ट रुख पर कायम रहते हुए उल्हासनगर महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग ने कैंप दो के आजादनगर क्षेत्र में तीन अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। पहले से ही कार्रवाई की जद में आए इन अनाधिकृत निर्माणों को महानगरपालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। बताया गया है कि आजादनगर स्थित आइस फैक्ट्री क्षेत्र में कुल 10 अनाधिकृत निर्माण किए गए थे। महानगरपालिका ने इन निर्माणों के खिलाफ पहले ही नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद कुछ दिन पहले महानगरपालिका ने सात निर्माणों को ध्वस्त कर दिया था, जबकि शेष तीन निर्माणों को सामान होने के कारण खाली करने का समय दिया था। हालांकि मनपा प्रशासन द्वारा दी गई अवधि समाप्त होने के बाद सोमवार को आयुक्त मनीषा अव्हाले के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विभाग की टीम ने प्रभाग समिति क्रमांक 2 के सहायक आयुक्त गणेश शिंपी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की। संबंधित इलाकों में संपत्तियों को हटाए जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस सुरक्षा में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से की गई। उल्हासनगर महानगरपालिका की इस कार्रवाई से आजादनगर इलाके में हड़कंप मचा है, जिससे अन्य अनधिकृत निर्माणकर्ताओं में भी भय का माहौल देखा जा रहा है। मनपा प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में ऐसे अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। संतोष झा- २५ जून/२०२५/ईएमएस