नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान पर हुए इजरायली ताबड़तोड़ हमलों पर भारत ने अपना स्टैंड साफ कर दिया है। भारत ने ब्रिक्स (बिक्र्स) देशों के समूह के साथ मिलकर ईरान पर हमलों की निंदा की। ब्रिक्स ने इन हमलों को अंतर्राष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया है। बता दें कि भारत ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की ओर से जारी बयान से खुद को 10 दिन पहले अलग किया था, जिसमें इजरायल की ओर से किए गए सैन्य हमलों की निंदा की गई थी। अब भारत ने मामले में अपना रुख साफ कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5-6 जुलाई को रियो डि जेनेरो (ब्राजील) में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। उधर ईरान ने भारत के उन नागरिकों, राजनीतिक दलों और संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया है जिन्होंने मुश्किल समय में उनके देश का साथ दिया। ब्रिक्स ने संयुक्त बयान जारी कर ईरान पर हुए सैन्य हमलों पर गंभीर चिंता जाहिर की है। ब्रिक्स का मानना है कि ये हमले संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन हैं। इससे मध्य पूर्व में स्थिति और खराब हो सकती है। ब्रिक्स ने न्यूक्लियर साइट्स पर हमलों पर भी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि परमाणु सुरक्षा उपायों का हमेशा पालन होना चाहिए। ब्रिक्स देशों ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रभावित नागरिकों के साथ एकजुटता दिखाई। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील जाएंगे। सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेता शामिल हो रहे है। वे सब मिलकर दुनिया की समस्याओं पर बात करने और उन्हें हल करने की कोशिश करने वाले है। ईरान ने भारत के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है। ईरान का कहना है कि भारत हमेशा मुश्किल समय में उसके साथ खड़ा रहा है। आशीष दुबे / 26 जून 2025