राष्ट्रीय
27-Jun-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में तैयारियां तेज हो चुकी हैं। अगले ढाई महीनों के लिए भाजपा ने भी बिहार में बड़े अभियान की योजना बनाई है। खास बात यह है कि इस पूरे अभियान को बीजेपी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लीड करने वाले हैं। बिहार भाजपा के एक नेता के अनुसार पीएम मोदी अभी तक बिहार में छह रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। आने वाले दिनों में उनके कई और कार्यक्रम बिहार के अलग-अलग जिलों में होने हैं। भाजपा नेताओं के मुताबिक आने वाले दिनों में पीएम मोदी के कई और कार्यक्रम बिहार में होने हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बिहार में लगातार दौरा करने वाले है। बिहार में पीएम मोदी की कुल नौ रैलियां करने की योजना तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा नेताओं ने बताया कि इन रैलियों का प्रभाव 200 विधानसभा सीटों पर होगा। इसमें से रोहतास और सारण क्षेत्र में दो रैलियां पीएम मोदी पहले ही संबोधित कर चुके हैं। बाकी बची हुई सात रैलियों को अगले ढाई महीने में संबोधित करने वाले है। इन रैलियों की तारीख और जगह को लेकर पार्टी में फिलहाल चर्चा चल रही है। जानकारी के मुताबिक अगले करीब एक हफ्ते में इसके बारे में ऐलान होगा। बिहार चुनाव को लेकर पीएम मोदी का अभियान सितंबर में खत्म होगा। यही वह समय है, जब यहां पर चुनाव का ऐलान होगा। जानकारी के मुताबिक इस अभियान का मकसद प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश फूंकना है। फिलहाल भाजपा कार्यकर्ता बिहार में डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। इसका मकसद नए वोटर्स की पहचान और उनके रजिस्ट्रेशन में मदद करना है। पीएम मोदी के अभियान के साथ-साथ केंद्रीय गृहमंत्री शाह भी बिहार आ सकते हैं। अनुमान है कि अमित शाह यहां पर तीन या चार रैलियां कर सकते हैं। आशीष दुबे / 27 जून 2025