राष्ट्रीय
27-Jun-2025


मुंबई (ईएमएस)। मुंबई से परेशान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग महिला कूड़े के ढेर पर पड़ी मिली। कैंसर से पीड़ित महिला को उसके पोते ने कथित तौर पर कूड़े में फेंक दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर महिला के परिवार की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना तब सामने आई, जब मुंबई पुलिस ने शहर की आरे कॉलोनी में सड़क पर कूड़े के ढेर के पास 60 वर्षीय यशोदा गायकवाड़ को बेहद कमजोर हालत में देखा। मुंबई में कैंसर रोगी अपनी दादी को जंगल में छोड़ने के आरोप में 33 वर्षीय एक व्यक्ति और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि लगभग 70 वर्षीय महिला 22 जून की सुबह एक कूड़े के ढेर के पास आई थी और उसकी हालत खराब थी, जिसके बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बुजुर्ग महिला के पोते सागर शेवाले (33), बहनोई बाबासाहेब गायकवाड़ (70) और ऑटो रिक्शा चालक संजय कादरेशम (27) को कथित तौर पर महिला को उस स्थान पर छोड़ते हुए देखा गया, जहां वह मिली थी। अधिकारी ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार किया गया। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी बोरीवली निवासी महिला को 21 जून की रात को पहले नगर निगम द्वारा संचालित शताब्दी अस्पताल ले गए, लेकिन जब अस्पताल के अधिकारियों ने भर्ती से इंकार कर दिया, तब वे उसे आरे जंगल में ले गए और वहां छोड़ दिया। महिला का इलाज अब शहर के जुहू इलाके में स्थित सरकारी कूपर अस्पताल में किया जा रहा है। आशीष दुबे / 27 जून 2025