नई दिल्ली (ईएमएस)। यमुना किनारे प्रकृति के बीच लोग तितलियों को निहार सकेंगे। पतंग उड़ाने का अलग अनुभव ले सकेंगे। यमुना खादर में प्रस्तावित मयूर नेचर पार्क के स्वीकृत डिजाइन में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इन सुविधाओं को जगह दी है। इस परियोजना में एक जगह बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा, जोकि तितलियों का आशियाना होगा। इसमें ऐसे फूल लगाए जाएंगे जिन पर आकर्षित होकर तितलियां उस जगह पर अपने बसेरा बनाएं। पतंग उड़ाने के लिए मैदान भी दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के बीच में वर्षों से अड़चन बन रही विवादित भूमि को छोड़ कर बाकी हिस्से में इसे विकसित करने की दिशा में जल्द फेंसिंग करने से कार्य शुरू होगा। फिर एक-एक कर हिस्से विकसित किए जाएंगे। हर वर्ग के लिए अलग कोना नोएडा लिंक रोड की ओर प्रवेश द्वार बनेगा। पर्यटकों के लिए पार्किंग होगी। इस नेचर पार्क में हर वर्ग का खास ख्याल रखा गया है। उनके लिए अलग से कार्नर बनाया जाएगा। इसमें पिकनिक एरिया होगा, जिसमें समूह में आकर लोग खुशनुमा पल बिता सकेंगे। बच्चों के लिए किड्ज प्ले एरिया होगा, जिसमें उनके लिए झूले होंगे। बुजुर्गों के लिए सीनियर सिटिजन पार्क अलग से बनाया जाएगा। इसमें उनके अनुरूप ही पैदल पथ, जिम व अन्य सुविधाएं होंगी। योग और ध्यान के लिए अलग से क्षेत्र बनेगा। भूलभुलैया उद्यान भी आकर्षण का केंद्र होगा। ऐसे में कैंपिंग करने का मौका मिले तो सोने पर सुहागा होगा। प्रस्तावित मयूर नेचर पार्क में कैंपिंग एरिया भी विकसित किया जाएगा, जिसमें इस तरह की गतिविधियों को जगह दी जाएगी। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/जून/2025