मुंबई, (ईएमएस)। शनिवार शाम मुंबई के वर्ली में हाजी अली के पास लोटस जेटी में अस्थियां विसर्जित करने गए तीन लोग समुद्र में डूब गए। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल होने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन है। यह घटना शनिवार शाम स्व छह बजे की है जब तीनों लोग अस्थियां विसर्जित करने वर्ली में लोटस जेटी के पास गए थे। मानसून के चलते समुद्र पहले से ही उफान पर है। वे लोग जब अस्थियां विसर्जित करने समुद्र के गहरे हिस्से में गए तभी समुद्र की लहरों में समा गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। जेटी पर तैनात पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की मदद से तीनों लोगों को समुद्र से बाहर निकाला और उन्हें नायर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती होने तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि तीसरा व्यक्ति घायल है और उसका उपचार चल रहा है। अस्पताल के अनुसार घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है। मृतकों के नाम संतोष विश्वेश्वर (51) और कुणाल कोकाटे (45) बताया गया है जबकि संजय सरवणकर (58) घायल व्यक्ति का नाम है। मुंबई पुलिस के अनुसार, इस मानसून के मौसम में मुंबई के समुद्र में डूबने से यह पहली मौत की घटना है। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना मानसून के मौसम की शुरुआत में हुई है। मुंबई महानगरपालिका ने नागरिकों को मानसून के मौसम की शुरुआत में समुद्र तट पर न जाने की चेतावनी दी थी। मनपा प्रशासन ने कहा था कि मानसून के मौसम में समुद्र में लहरें खतरनाक होती हैं और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। संजय/संतोष झा- २८ जून/२०२५/ईएमएस