रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के गैलेक्सी आइलैंड कॉलोनी में एक महिला लेखाकार के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस विवाद में दोनों पक्षों की ओर से विधानसभा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, महालेखाकार कार्यालय में सहायक लेखाकार के पद पर कार्यरत सोनी कुमारी ने शिकायत दी कि 29 जून की रात लगभग 1:30 बजे दो महिलाएं रेशमा किरण और पिंकी सिंह राजपूत नशे की हालत में उनके घर में घुस आईं और उनके पति राजेश कुमार सिंह को ढूंढ़ने लगीं। थोड़ी देर बाद दोनों चली गईं, लेकिन सुबह करीब 5:30 बजे जब राजेश घर पहुंचे तो उनके सिर से खून निकल रहा था। उनके पीछे पीछे दोनों महिलाएं भी फिर से वहां पहुंच गईं और एक बार फिर राजेश के साथ मारपीट की। सोनी कुमारी के मुताबिक, हमले के दौरान दोनों महिलाओं ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की, जिससे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना के आधार पर विधानसभा पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं दूसरी ओर, रेशमा किरण ने भी पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह राजेश कुमार सिंह को तीन वर्षों से जानती हैं और दोनों के बीच संबंध थे, जबकि राजेश पहले से विवाहित हैं। रेशमा का आरोप है कि राजेश का एक और महिला पिंकी सिंह से भी संबंध है। रेशमा के मुताबिक 29 जून की सुबह जब वह और पिंकी साथ थीं, तब राजेश घर आया और गाली-गलौज करते हुए दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की। विधानसभा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 जून 2025