राष्ट्रीय
30-Jun-2025
...


नई दिल्‍ली,(ईएमएस)। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत की घोषणा की है। अब आरक्षण चार्ट चार घंटे की बजाय आठ घंटे पहले जारी होगा। इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। दोपहर दो बजे से पहले प्रस्थान करने वाली ट्रेनों के लिए चार्ट एक दिन पहले रात नौ बजे तैयार किया जाएगा। नई पीआरएस प्रति मिनट 1.5 लाख से ज्यादा टिकट बुकिंग की अनुमति देगी। इसके अलावा 1 जुलाई से आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर केवल प्रमाणित यूजरों को ही तत्काल टिकट बुक करने की इजाजत होगी। जुलाई के अंत से तत्काल बुकिंग के लिए ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण किया जाएगा। प्रमाणीकरण यूजर के डिजिलॉकर खाते में उपलब्ध आधार या किसी अन्य सत्यापन योग्य सरकारी आईडी का उपयोग करके किया जा सकेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में सुधारों की समीक्षा की थी। उन्होंने कहा था टिकटिंग सिस्टम स्मार्ट, पारदर्शी, सुलभ और कुशल होना चाहिए। योजना यात्री सुविधा पर केंद्रित होनी चाहिए। सिस्टम को यात्रियों के लिए एक सहज और आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना चाहिए। वर्तमान में आरक्षण चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से चार घंटे पहले तैयार किया जाता है। इससे यात्रा के लिए मन में अनिश्चितता पैदा होती है। इस अनिश्चितता को दूर करने के लिए रेलवे बोर्ड ने प्रस्थान से आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने का प्रस्ताव दिया है। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए बोर्ड को निर्देश दिया कि इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए ताकि किसी तरह की बाधा पैदा न हो। इस कदम से वेटिंग टिकट की सूची वाले यात्रियों की अनिश्चितता कम होगी। यात्रियों को वेटिंग लिस्ट की स्थिति के बारे में पहले ही जानकारी मिल जाएगी। इससे दूर-दराज के इलाकों या बड़े शहरों के उपनगरों से लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को फायदा होगा। इससे वेटिंग सूची कन्फर्म न होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए समय भी मिलेगा। सिराज/ईएमएस 30जून25