नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की वायु गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए राजधानी में कई स्थानों पर क्लीन एयर जोन बनाए जाएंगे। इसके लिए अभी अध्ययन चल रहा है। इसमें सबसे पहले 85 एकड़ में फैले नेहरू पार्क को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है। यहां पर 150 अत्याधुनिक एयर प्यूरिफायर लगाने की संभावना पर विचार चल रहा है। इन मशीनों को पहले बस अड्डों, पेट्रोल पंपों आदि स्थानों पर परखा गया है। यह जानकारी पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी। पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ नेहरू पार्क का दौरा किया। सिरसा ने बताया कि इस तकनीक ने सीमित स्तर पर अच्छे परिणाम दिखाए हैं,इसलिए सरकार जानना चाहती है कि क्या यह बड़े क्षेत्रों में भी काम कर सकती है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रस्तावित मशीन लगभग 9 फीट ऊंची होती है और एडवांस्ड फिल्ट्रेशन तकनीक का उपयोग करती है। यह हवा से हानिकारक पीएम 2.5 कणों को निकालती है। सिरसा ने बताया कि अगर यह प्रभावी और व्यावहारिक साबित होती है तो कनॉट प्लेस, खान मार्केट और अन्य स्थानों में भी इसी तरह के जोन बनाने पर विचार होगा। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से किया जाएगा। वहीं,प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह प्रस्ताव दिल्ली सरकार के पर्यावरण एक्शन प्लान 2025 का हिस्सा है। इसमें लंबे समय से लंबित आर्टिफिशियल रेन परियोजना को पुनर्जीवित करना,रोजाना मशीनी सफाई,जल का छिड़काव,निर्माण स्थलों पर नियमों का सख्त पालन और एंटी-स्मॉग गन लगाना शामिल है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/जून/2025