- होटल-रेस्टोरेंट वालों को मिलेगी राहत नई दिल्ली (ईएमएस)। तेल कंपनियों ने 1 जुलाई से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के भाव कम कर दिए हैं। हर महीने की पहली तारीख को कंपनियां सिलेंडर के दाम अपडेट करती हैं और इस बार दाम में 58.50 की कटौती की गई है। हालांकि, घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत इस प्रकार है- दिल्ली में अब 19 किलो का सिलेंडर 1723.50 की जगह 1665 में मिलेगा, नोएडा में 1747.50, कोलकाता में 1826 की जगह 1769, मुंबई में 1674.50 से घटकर 1616 और चेन्नई में यह सिलेंडर 1881 की जगह 1823.50 रुपए में मिलेगा। कमर्शियल सिलेंडर के सस्ते होने से होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यापारियों को राहत मिलेगी क्योंकि इन जगहों पर गैस की खपत ज्यादा होती है। आईओसीएल के आंकड़ों के अनुसार लगातार चौथे महीने में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। वहीं लगातार चार महीनों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर में करीब 140 रुपए की गिरावट देखने को मिल चुकी है। आईओसीएल के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 138 रुपए की गिरावट देखी गई है। जबकि कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 144 रुपए दाम कम हुए हैं। इसके अलावा मुंबई की बात करें तो यहां पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 139 रुपए की गिरावट देखी गई है। जबकि चेन्नई में इस दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 141.5 रुपए की गिरावट देखी जा चुकी है। वहीं पिछले कुछ महीनों में भी सिलेंडर के दाम घटते रहे हैं – जून 2025 में 24 रुपए की कटौती, मई 2025 में 14.50 रुपए सस्ता, अप्रैल 2025 में 41 रुपए की कमी, फरवरी 2025 में 7 रुपए की कटौती, मार्च 2025 में केवल 6 रुपए बढ़ाए गए थे। जून में दिल्ली में सिलेंडर का रेट 1723 रुपए था, जबकि अप्रैल में ये 1762 और मई में 1747.50 रुपए था। सतीश मोरे/01जुलाई ---