राष्ट्रीय
01-Jul-2025


लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को 52 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बसपा प्रमुख मायावती सहित कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस कड़ी में सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, अखिलेश जी को जन्मदिन की बधाई दी, इस पर अखिलेश यादव ने उनका धन्यवाद किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को शुभकामनाएं देकर प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण और भोलेनाथ की कृपा उन पर बने रहने की कामना की। इसके अलावा, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। अखिलेश के जन्मदिन को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी कार्यालयों और जिलों में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है। इस मौके पर भंडारे, जनसेवा कार्यक्रम और केक काटने जैसे आयोजन किए गए हैं। सपा की ओर से रक्तदान शिविर (ब्लड डोनेशन कैंप) का भी आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं के रक्तदान करने की उम्मीद है। अखिलेश का जन्म 1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपने पिता मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक वारिस हैं। 2012 में, अखिलेश ने सपा को जीत दिलाकर उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में सपा को हार का सामना करना पड़ा। आशीष दुबे / 01 जुलाई 2025