राज्य
01-Jul-2025


गिरिडीह (ईएमएस)। गिरिडीह व्यवहार न्यायालय में मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मार्तंड प्रताप मिश्रा की अध्यक्षता में विशेष मध्यस्थता अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान आज 1 जुलाई से शुरू होकर आगामी 30 सितंबर तक चलेगा। इस अभियान को सफल बनाने हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्रकोष्ठ में सभी न्यायिक पदाधिकारी की एक बैठक हुई। जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) द्वारा मध्यस्थता अभियान आज, 1 जुलाई से शुरू हो रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अदालतों में लंबित मामलों को सुलझाना और विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता को बढ़ावा देना है। कहा कि 90 दिवसीय यह राष्ट्रव्यापी अभियान, राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण (NALSA) और सुप्रीम कोर्ट की मध्यस्थता और सुलह परियोजना समिति (MCPC) द्वारा शुरू किया गया है। अभियान के तहत, जिला विधिक सेवा प्राधिकार तालुका अदालतों से लेकर उच्च न्यायालयों तक सभी उपयुक्त मामलों को निपटाने का प्रयास किया जाएगा। जिसमें मध्यस्थता के लिए पात्र लंबित मामलों में दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा मामले, चेक बाउंस मामले, वाणिज्यिक विवाद मामले, सर्विस मेटर, आपराधिक समझौता योग्य मामले,बउपभोक्ता विवाद मामले, ऋण वसूली मामले, विभाजन मामले, बेदखली मामले, भूमि अधिग्रहण मामले एवं अन्य उपयुक्त सिविल मामले तथा राजस्व प्रकरण के मामले शामिल हैं। कहा कि यह अभियान समाज के सभी वर्गों के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, खासकर उन लोगों के लिए जो कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने में कठिनाई का सामना करते हैं। बैठक में सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे। राजेश कुमार / ईएमएस / 01 जुलाई 2025