04-Jul-2025
...


लंदन (ईएमएस)। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक गर्भवती महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसके गर्भ में एक साथ चार बच्चे पल रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला का पेट असामान्य रूप से फूल गया है, जिससे उसे चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में काफी मुश्किल हो रही है। बताया जा रहा है कि महिला को शुरुआत में अंदाजा नहीं था कि वह चार बच्चों की मां बनने वाली है। अल्ट्रासाउंड के दौरान जब डॉक्टर ने स्कैन में चार भ्रूणों को देखा तो वह खुद भी हैरान रह गया। डॉक्टर ने इसे एक दुर्लभ मामला बताया, जिसे देखकर हर कोई चकित रह गया। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, एक साथ चार बच्चों की गर्भावस्था अत्यंत दुर्लभ होती है और इसमें मां और बच्चों दोनों के लिए खतरा बढ़ जाता है। कई भ्रूणों के होने से गर्भ में जगह और पोषण दोनों की कमी हो सकती है, जिससे समय से पहले प्रसव या बच्चों का कम वजन होना आम है। अमेरिकन प्रेग्नेंसी एसोसिएशन के अनुसार, ऐसी स्थिति करीब 70 मिलियन में एक बार होती है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी गर्भावस्था में महिला को विशेष चिकित्सा देखभाल, नियमित निगरानी और बेड रेस्ट की जरूरत होती है। इस वायरल वीडियो वाली महिला को भी डॉक्टर ने विशेष देखभाल की सलाह दी है ताकि मां और बच्चों की सेहत सुरक्षित रह सके। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ ने महिला को चार बच्चों की मां बनने पर बधाई दी, तो कुछ ने इसे प्रकृति का अनोखा चमत्कार कहा। वहीं कुछ यूजर्स ने चिंता जताई और मां और बच्चों की सलामती की दुआ मांगी। वीडियो ने लोगों को इस दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण स्थिति के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है। मालूम हो कि मां और बच्चे का रिश्ता दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता माना जाता है। यह बंधन बच्चे के जन्म से पहले ही बन जाता है। मां अपने गर्भ में नौ महीने तक बच्चे को पालती है और उसके विकास का पूरा ध्यान रखती है। आम तौर पर गर्भ में एक बच्चे के लिए ही जगह होती है, लेकिन कभी-कभी दो जुड़वां बच्चे भी ठहर जाते हैं। ऐसे में मां को थोड़ी अतिरिक्त परेशानी जरूर होती है, लेकिन वह अपने बच्चों को सुरक्षित रखने की पूरी कोशिश करती है। सुदामा/ईएमएस 04 जुलाई 2025