व्यापार
04-Jul-2025


मुंबई (ईएमएस)। एक समय निवेशकों को करोड़पति बनाने वाला ‎स्प्रिाइट एग्रो का शेयर अब फिर से चर्चा में है। एक लंबी गिरावट के बाद इस शेयर में बीते दो दिनों से 5-5 फीसदी अपर सर्किट लग रहे हैं। गुरुवार को यह शेयर 3.25 रुपए पर बंद हुआ। शुक्रवार को भी इस शेयर में अपर सर्किट लगा है। कंपनी ने हाल ही में एक्सचेंज को जानकारी दी कि उसने 102 करोड़ का एग्री कमोडिटी ऑर्डर पूरा कर लिया है। इससे पहले भी कंपनी कुल 299 करोड़ मूल्य के ऑर्डर पूरे कर चुकी है। इन खबरों से निवेशकों का कुछ भरोसा फिर लौटता नजर आ रहा है। ‎स्प्रिाइट एग्रो के शेयर ने एक साल में निवेशकों को करोड़पति बना दिया था। 18 अगस्त 2023 को यह शेयर महज 0.33 पर था। ठीक एक साल बाद 9 अगस्त 2024 को यह 44.66 तक पहुंच गया। इस दौरान इसने निवेशकों को 13,435 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया। अगस्त 2024 के बाद शेयर में जबरदस्त गिरावट शुरू हो गई। 1 जुलाई 2025 को यह गिरकर 2.93 पर पहुंच गया था यानी ऑल टाइम हाई से अब तक यह शेयर 90 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। सतीश मोरे/04जुलाई ---