राज्य
06-Jul-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। स्वामीनारायण अक्षरधाम ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से आए 5 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक रूप से ज्ञानमुनिदास स्वामी ने स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हम शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक समझ के साझा मूल्यों के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बढ़ते संबंधों के लिए आभारी हैं। ऑस्ट्रेलिया से भारत दौरे पर आए विक्टोरिया संसद के पांच सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम में दर्शन पूजन किया। जिससे ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिली। इस दौरान स्वामीनारायण अक्षरधाम में सांसदों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जिसके बाद उन्हें आध्यात्मिक परिसर का दौरा कराया गया। सांसदों ने सम्मान जताते हुए मंदिर की जटिल वास्तुकला की जमकर तारीफ की। इसके अलावा सांसदों ने श्री नीलकंठ वर्णी का अभिषेक अनुष्ठान भी किया। साथ ही हॉल ऑफ वैल्यूज और भारतीय संस्कृति के प्रेरक संदेशों को सुना। यात्रा पर आए सांसदों ने अक्षरधाम के शांति, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा के संदेश की सराहना की और इस अनुभव को बेहद मार्मिक बताया। उनकी यात्रा ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच स्थायी मित्रता और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को उजागर किया। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/ जुलाई /2025