06-Jul-2025


भिलाई (ईएमएस)। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की मिसाल बन चुके कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज भिलाई में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रभात कुमार प्रसाद को हाल ही में देशव्यापी मंच पर सम्मानित किया गया। हाइट ऑफ सक्सेस मैगजीन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राइजिंग स्टार आउटस्टैंडिंग एजुकेशनिस्ट का राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। यह पुरस्कार उन्हें तकनीकी शिक्षा, नवाचार, डिजिटल शिक्षण और विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में दिए गए विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस सम्मान पर पूरे संस्थान में हर्ष का माहौल है। कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज भिलाई के चेयरमैन आनंद त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. अजय तिवारी, और उप-प्राचार्य डॉ. रवींद्र शर्मा ने प्रभात कुमार प्रसाद की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनकी यह सफलता युवा शिक्षकों, तकनीकी छात्रों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हर व्यक्ति को यह संदेश देती है कि मेहनत, समर्पण और नवाचार से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। प्रभात कुमार प्रसाद को 15 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव है। उन्होंने बी.ई. (हॉन्स.), एम.टेक (हॉन्स.), एमबीए (हॉन्स.), तथा पीजीडीसीए जैसे उच्च शैक्षणिक उपाधियां प्राप्त की हैं। वे एक सफल यूट्यूबर भी हैं, जिनके सिविल इंजीनियरिंग ड्रॉइंग और इंजीनियरिंग ग्राफिक्स विषय पर बनाए गए वीडियो लाखों छात्रों तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने कईं स्कोपस एवं जीसी जर्नल्स में शोधपत्र प्रकाशित किए हैं। कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज भिलाई के चेयरमैन आनंद त्रिपाठी ने कहा कि प्रभात कुमार प्रसाद ने सिविल इंजीनियरिंग के शैक्षणिक क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह अद्वितीय है। उनके ज्ञान, अनुशासन और तकनीकी समझ ने कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह पुरस्कार केवल उनके लिए नहीं, बल्कि हमारे पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। प्राचार्य डॉ. अजय तिवारी ने कहा प्रभात सर हमेशा से विद्यार्थियों के हित में कार्य करते आए हैं। चाहे क्लासरूम टीचिंग हो या यूट्यूब के माध्यम से हजारों छात्रों तक पहुंचना, उन्होंने शिक्षा को सहज और सुलभ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उप-प्राचार्य डॉ. रवींद्र शर्मा ने अपने संदेश में कहा प्रभात सर के शिक्षण में तकनीकी गहराई के साथ-साथ मानवीय मूल्य भी निहित हैं। उन्होंने ना केवल अपने विभाग को सशक्त बनाया है, बल्कि कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कॉलेज का नाम रोशन किया है। ईएमएस/शमशीर सीवानी/ 06 जुलाई 2025