07-Jul-2025


रायपुर/अंबिकापुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के मैनपाट में आज से भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और सांसदों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार सुबह ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे, जहां रेलवे स्टेशन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी भी अंबिकापुर पहुंचे। स्टेशन पर सभी नेताओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिविर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सांसदों और विधायकों के ज्ञानवर्धन के लिए आयोजित किया गया है। इससे शासन की नीतियों को समझने और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में योगदान देने की दिशा में एक नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, हम पहले स्वयं प्रशिक्षण लेंगे और इसके बाद कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मैनपाट जैसे दूरस्थ और सुंदर स्थल पर शिविर का आयोजन पर्यटन की दृष्टि से भी प्रदेश के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट का अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार होगा। गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण शिविर 7 से 9 जुलाई तक चलेगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है। दोनों शीर्ष नेता दिल्ली से मैनपाट पहुंचेंगे और पार्टी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 जुलाई 2025