अंतर्राष्ट्रीय
07-Jul-2025


लाहौर (ईएमएस)। पाकिस्तान के लाहौर शहर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक पालतू शेर ने एक महिला और उसके दो बच्चों पर हमला कर घायल कर दिया। यह घटना तब हुई जब शेर अपने पिंजरे से निकलकर एक रिहायशी इलाके में आ गया। हमले का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें शेर को दीवार फांदकर इलाके में घुसते और लोगों पर हमला करते दिख रहा है। वहीं मामले में पुलिस ने शेर के मालिक को बिना लाइसेंस शेर रखने और लापरवाही बरतने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हमले में महिला और बच्चों के चेहरे और हाथों पर चोटें आई हैं। बच्चों के पिता ने बताया कि शेर का मालिक मौके पर मौजूद था लेकिन शेर को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। शेर बाद में खुद ही अपने मालिक के फार्महाउस लौट गया, जहाँ से पुलिस और वन्य जीव अधिकारियों ने पकड़कर जू पार्क पहुँचा दिया। बात दें कि पाकिस्तान में कई अमीर लोगों के लिए शेर, बाघ, और तेंदुए जैसे खतरनाक जानवरों को पालना एक स्टेटस सिंबल माना जाता है, जो ताकत और दौलत का प्रतीक है। हालाँकि, इसके लिए कानूनी परमिट और भारी फीस देनी होती है, साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी अनिवार्य हैं, जिनका अक्सर उल्लंघन किया जाता है। इस घटना के बाद, पंजाब में अधिकारियों ने अवैध रूप से वन्यजीव रखने वालों के खिलाफ एक अभियान चलाया है। इस अभियान में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 13 शेर बरामद किए गए हैं। बिग कैट प्रजाति के जानवरों को कानूनी रूप से पालतू बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होता है और प्रति जानवर 50,000 पाकिस्तानी रुपए (लगभग 176 डॉलर) की एकमुश्त फीस देनी पड़ती है। नियमों के अनुसार, इन खतरनाक जानवरों को केवल शहर के बाहर ही रखा जा सकता है। आशीष दुबे / 07 जुलाई 2025