कैनबरा (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया में महिला, एरिन पैटरसन, को अपने सास, ससुर और सास की बहन को जहरीले मशरूम खिलाकर हत्या करने का दोषी साबित हुई है। यह घटना 29 जुलाई 2023 को हुई जब एरिन ने अपने से अलग रह रहे पति साइमन पैटरसन को छोड़कर अपने सास-ससुर गेल पैटरसन (70), डोनाल्ड पैटरसन (70), और सास की बहन हीथर विल्किंसन (66) और उनके पति इयान विल्किंसन को खाने पर बुलाया था। खाना खाने के कुछ घंटों बाद, चारों मेहमान बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। इसमें से गेल, डोनाल्ड और हीथर की मौत हो गई, जबकि इयान (71) बच गए। जाँच में सामने आया कि खाने में जहरीले डेथ कैप मशरूम मिलाए गए थे। पुलिस ने एरिन को नवंबर 2023 में गिरफ्तार किया था। सरकारी वकील ने दावा किया कि एरिन ने जानबूझकर डेथ कैप मशरूम खाने में मिलाए थे, जिसे महिला ने एक वेबसाइट पर उनकी लोकेशन देखकर जंगल से इकट्ठा किया था। एरिन के वकीलों ने एक दुर्घटना बताया, उनका कहना था कि एरिन ने खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए मशरूम डाले थे और उसे उनकी विषाक्तता के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि एरिन ने खुद भी वही खाना खाया था और बीमार हुई थी, जिसके मेडिकल टेस्ट के नतीजे भी उन्होंने सबूत के तौर पर पेश किए। इस घटना में जीवित बचे विल्किंसन ने गवाही दी कि दोपहर के खाने के दिन पैटरसन ने उन्हें और बाकी मेहमानों को अपने किचन में नहीं जाने दिया था और खुद ही खाना परोसा था। 10 हफ्ते तक चले मुकदमे के बाद, एरिन पैटरसन को तीन हत्याओं (गेल, डोनाल्ड और हेदर की) और इयान विल्किंसन पर हमले का दोषी ठहराया गया। ऑस्ट्रेलियाई कानून के तहत उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। डेथ कैप मशरूम की भयावहता डेथ कैप मशरूम अत्यधिक जहरीले और खतरनाक होते हैं। ये छोटे, हल्के पीले या भूरे रंग के होते हैं और दिखने में कई आम मशरूम जैसे लगते हैं, जिससे लोग धोखा खा जाते हैं। ये मशरूम शरीर में डीएनए बनाने की प्रक्रिया को रोक देते हैं, जिससे किडनी और लिवर फेल हो सकते हैं। इन्हें खाने के 6 से 12 घंटे के अंदर पेट में दर्द, उल्टी, और दस्त जैसे लक्षण शुरू हो जाते हैं। एक वयस्क इंसान की जान लेने के लिए सिर्फ एक मशरूम काफी होता है। आशीष दुबे / 07 जुलाई 2025