राष्ट्रीय
08-Jul-2025


मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है, जिस बयान ने राज्य में विवाद खड़ा कर दिया है। सीएम फडणवीस ने स्पष्ट किया कि दुबे की टिप्पणी आम मराठी लोगों के लिए नहीं, बल्कि उन संगठनों के लिए थी, जिनके बारे में सांसद दुबे का मानना है कि वे इस विवाद को हवा दे रहे हैं। सीएम फडणवीस ने कहा, बीजेपी सांसद दुबे ने जो कहा है, वह आम मराठी लोगों के लिए नहीं बल्कि उन संगठनों के लिए कहा है, जिन्होंने इस विवाद को हवा दी है। हालांकि, सीएम ने दुबे की टिप्पणी के विषय-वस्तु से खुद को अलग करते हुए कहा, मेरा मानना है कि सांसद दुबे का बयान पूरी तरह से सही नहीं है। उन्होंने देश के विकास में महाराष्ट्र के योगदान पर जोर देकर कहा, देश की प्रगति में महाराष्ट्र के योगदान को कोई नकार नहीं सकता या भूल नहीं सकता, और अगर कोई ऐसा करता है, तब यह पूरी तरह से गलत होगा। फडणवीस ने कहा कि मेरे विचार से इस तरीके का बयान देना योग्य नहीं है, क्योंकि उसका जो मतलब निकलता है वह लोगों के मन में भ्रम पैदा करता है। दरअसल यह स्पष्टीकरण मनसे प्रमुख राज ठाकरे की हालिया टिप्पणी पर सांसद दुबे की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद उठे राजनीतिक तूफान को लेकर आया है। राज ठाकरे ने कथित तौर पर अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया था कि वे मारें, लेकिन वीडियो न बनाएं, जो मराठी में बात करने के लिए तैयार नहीं व्यक्तियों का जिक्र कर रहे थे। जवाब में सांसद दुबे ने कहा था, क्या कर रहे हो, किसकी रोटी खा रहे हो? तुम लोग हमारे पैसे से जी रहे हो। तुम्हारे पास किस तरह के उद्योग हैं? झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सारी खदानें हमारी हैं। तुम्हारे पास कौन सी खदानें हैं? सारी सेमीकंडक्टर रिफाइनरियाँ गुजरात में हैं। हिंदी भाषी लोगों के प्रति आक्रामकता के पीछे की मंशा को चुनौती देकर दुबे ने कहा कि अगर आपमें हिंदी बोलने वालों को पीटने की हिम्मत है, तब उर्दू, तमिल और तेलुगु बोलने वालों को भी पीटें। आशीष दुबे / 08 जुलाई 2025