राष्ट्रीय
08-Jul-2025


जल्दी ही एक पोर्टल लांच किया जाएगा नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में हर 10 साल पर जनगणना करने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार 16 साल के लंबे इंतजार के बाद 2027 में जनगणना शुरू होगी। यह जनगणना भले ही देर से आई है, लेकिन इसके प्रावधान पहले के मुकाबले काफी बेहतर हैं। इसमें एक प्रावधान यह है कि लोग अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दे सकते है। इस संबंध में जल्दी ही एक पोर्टल लांच किया जाएगा। इस पोर्टल पर लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते है। फिर अपने और परिवार के बारे में पूरी जानकारी दे सकते है। इतना ही नहीं इसी पोर्टल पर लोग जनगणना में शामिल सभी सवालों के जवाब भर के सबमिट कर दें, तब यह जानकारी दर्ज हो जाएगी। इसके माध्यम से उन लोगों की शिकायतें दूर हो जाएगी, जो अक्सर कहते हैं कि जनगणना वाले उनके घर तक आए ही नहीं। इसतरह से जनगणना में शामिल कर्मचारियों का इंतजार किए बिना ही लोग अपने बारे में जानकारी भर सकते है। इतना ही नहीं जनगणना के लिए घर-घर जाने वाले कर्मचारी भी मोबाइल से ही डेटा जुटाएंगे और उस रियलटाइम अपलोड कर सकते है। मोदी सरकार का कहना है कि इससे डेटा हासिल करने में आसानी होगी और उसका विश्लेषण भी जल्दी ही किया जा सकेगा। जनगणना का पूरा डेटा जल्दी उपलब्ध होगा। इसके अलावा अलग-अलग मानकों पर उसका विश्लेषण भी किया जा सकेगा। सूत्रों का कहना है कि जनगणना के लिए रजिस्ट्रेशन कमोबेश उसी तरह से होगा, जैसे वोटर आईडी बनवाने के लिए ऑनलाइन सुविधा है। संभावना है कि इस भी आधार कार्ड से भी जोड़ा जा सकता है। पोर्टल पर पहले लोगों को रजिस्ट्रेशन करके प्रोफाइल बनानी होगी। इसके बाद जनगणना के लिए दिए गए फॉर्म में पूरी डिटेल भरकर सबमिट करना होगा। यही नहीं यह सुविधा भी दो चरणों में मिलेगी। दोनों राउंड में जानकारी देने का रहेगा विकल्प पहले राउंड में हाउस लिस्टिंग होगी। पहले उसके संबंध में लोग जानकारी दे सकते है। इसके बाद दोबारा जनगणना के दौरान अपने और परिवार के बारे में जानकारी दे सकते है। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब देश भर में जाति जनगणना कराई जाएगी। आशीष दुबे / 08 जुलाई 2025