वडोदरा (ईएमएस)| बुधवार की सुबह गुजरात में एक बड़ी दुर्घटना हो गई| आज सुबह वडोदरा के पादरा में मुजपुरा-गंभीरा पुल बीच में से टूट गया| घटना के वक्त पुल से गुज़र रहे लोग अपने वाहनों समेत महीसागर नदी में गिर गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है। कुछ घायल हुए हैं। कई लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल के 23 स्पैन में से एक के ढहने से हुई त्रासदी दुखद है। यह पुल 1985 में बना था और 40 साल पुराना यह पुल जर्जर हो चुका था। कई बार स्थानीय लोगों ने प्रशासन का ध्यान भी इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया। लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी निद्रा में सो रहा था और उसे इस पुल की हालत पर कभी ध्यान ही नहीं गया। नतीजा यह हुआ कि कई लोग मारे गए। बड़ी दुर्घटना के बाद अब प्रशासन को जाँच-पड़ताल करना याद आया। घटना के बारे में मुख्यमंत्री ने जानकारी हासिल कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है| पुल ढहने के मुद्दे पर प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल का बयान सामने आया है। जिसमें आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा ढह गया है। 5 लोगों को बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि 212 करोड़ की लागत से एक नया पुल बनाने की भी मंजूरी दी गई थी। आज हुई दुर्घटना में कई वाहनों के नदी में गिरने की आशंका है। सतीश/09 जुलाई