अंतर्राष्ट्रीय
11-Jul-2025


-2.5 हजार करोड़ के मिसाइल-रॉकेट शामिल, नाटो 100 प्रतिशत खर्च देगा वाशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका नाटो के माध्यम से यूक्रेन को हथियार भेजेगा और नाटो इन हथियारों का पूरा खर्च देगा। ट्रम्प ने कहा कि नाटो सहयोगियों और यूक्रेन के बीच अमेरिका से हथियारों की आपूर्ति को लेकर एक नया समझौता हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका 300 मिलियन डॉलर (2.5 हजार करोड़ रुपए) का पैकेज यूक्रेन को भेजने की तैयारी कर रहा है, जिसमें पैट्रियट मिसाइल सिस्टम और मीडियम रेंज के रॉकेट शामिल होंगे, हालांकि हथियारों पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है। बता दे, अमेरिका खुद नाटो का सदस्य है। नाटो एक अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन है। 2025 तक नाटो के 32 सदस्य देश हैं। इसका मकसद सदस्य देशों की सामूहिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और बाहरी हमलों से उनकी रक्षा करना है। अमेरिका नाटो खर्च में 66 प्रतिशत हिस्सा देता है। इसके साथ ट्रम्प ने कहा कि वे सोमवार को रूस को लेकर बड़ा बयान दे सकते हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद ये पहली बार होगा जब ट्रम्प प्रेसिडेंशियल ड्रॉडाउन अथॉरिटी के तहत यूक्रेन को हथियार भेजने की अनुमति देंगे। यह एक कानूनी तरीका है जो राष्ट्रपति को बुरे समय में अमेरिकी भंडार से सीधे हथियार भेजने की अनुमति देता है। इससे पहले ट्रम्प सरकार ने केवल पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा मंजूर किए गए हथियार ही यूक्रेन को भेजे थे। यह हथियारों का नया समझौता अमेरिका, नाटो और यूक्रेन के बीच है। पहले अमेरिका सीधे यूक्रेन को हथियार भेजता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया नाटो के जरिए होगी। ट्रम्प ने कहा कि हम नाटो को हथियार भेजेंगे, और नाटो इनका पूरा पैसा देगा। फिर नाटो इन्हें यूक्रेन को देगा। ट्रम्प ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से नाराजगी जताई ट्रम्प ने ये कदम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति उनकी बढ़ती नाराजगी के बाद लिया है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि सच कहूं तो मैं इस बात से निराश हूं कि पुतिन ने अपनी हरकतें बंद नहीं की। दरअसल, ट्रम्प ने रूस और यूक्रेन से युद्ध विराम के लिए कई बार बातचीत की थी, लेकिन पुतिन ने सीजफायर से मना कर दिया था। ट्रम्प ने सोमवार को रूस पर एक बड़ा बयान देने की भी बात कही, लेकिन उन्होंने विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। यूक्रेन को 90 हजार करोड़ की मदद इटली की राजधानी रोम में गुरुवार को यूक्रेन के पुनर्निर्माण के लिए एक सम्मेलन हुआ था। इस सम्मेलन में यूक्रेन को 10 अरब यूरो (90 हजार करोड़ रुपए) की मदद का वादा किया गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इसकी जानकारी दी। यूरोपीय आयोग ने 2.3 अरब यूरो (लगभग 2.7 अरब डॉलर) की सहायता की घोषणा की। जेलेंस्की ने इस सम्मेलन में कहा कि रूस की संपत्तियों का इस्तेमाल यूक्रेन के पुनर्निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने हथियारों की आपूर्ति बढ़ाने, संयुक्त रक्षा उत्पादन और निवेश की भी मांग की। रोम में 10 और 11 जुलाई 2025 को आयोजित यूक्रेन पुनर्निर्माण सम्मेलन में 38 देशों और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने हिस्सा लिया। अमेरिका रुस पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा वहीं, मलेशिया में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से 50 मिनट की बातचीत की। रुबियो ने कहा कि उन्होंने रूस से युद्ध खत्म करने के लिए आगे आने को कहा है। रुबियो ने कहा कि हमें इस संघर्ष को खत्म करने के लिए आगे की तैयारी करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ट्रम्प प्रशासन अमेरिकी सीनेट के साथ इस बात पर विचार-विमर्श कर रहा है कि रूस पर कौन से नए प्रतिबंध लगाए जाएं। विनोद उपाध्याय / 11 जुलाई, 2025