अंतर्राष्ट्रीय
14-Jul-2025


-अमेरिका, भारत, जापान जैसे देश पापुआ न्यू गिनी में करेंगे सैन्य अभ्यास सिडनी,(ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया में अब तक का सबसे बड़ा युद्ध अभ्यास ‘टैलिसमैन सेबर’ शुरू हो चुका है। इस सैन्य अभ्यास में दुनिया के 19 देशों के 35,000 से ज्यादा सैनिक भाग ले रहे हैं। इतने बड़े पैमाने पर सैनिकों के जुटने से चीन टेंशन में आ गया है। रक्षा विशेषज्ञ इसे तीसरे विश्व युद्ध की संभावित तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं। इस अभ्यास में अमेरिका, भारत, जापान, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी समेत कई बड़े देश शामिल हो रहे हैं। यह युद्धाभ्यास तीन सप्ताह तक चलेगा और पहली बार ऑस्ट्रेलिया के बाहर पापुआ न्यू गिनी में यह आयोजित किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के रक्षा विभाग ने बताया कि इस दौरान चीन के जासूसी जहाजों के नजर रखने की संभावना है। ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछली बार भी चीनी निगरानी जहाज समुद्री अभ्यासों पर नजर रखते थे और इस बार भी चीन नजर रखेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इतना बड़ा बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन को कड़ा संदेश देगा। हाल के सालों में चीन ने दक्षिण चीन सागर में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है। ऐसे में अमेरिका और उसके सहयोगी देश किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार हैं। इस अभ्यास में जर्मनी, इंडोनेशिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, थाईलैंड जैसे देश भी शामिल हो रहे हैं। मलेशिया और वियतनाम इसे करीब से देख रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि यह अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदार देशों के बीच सामरिक तालमेल को और मजबूत बनाएगा। सिराज/ईएमएस 14जुलाई25