इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम में श्रावणी अनुष्ठान के दौरान, सावन के पहले सोमवार को भगवान भोलेनाथ का दूल्हे के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर, देश की समृद्धि और जन कल्याण की कामना से आश्रम के 21 विद्वान आचार्यों एवं ब्राह्मणों द्वारा अभिषेकात्मक लघु रुद्र महायज्ञ भी संपन्न हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में चल रहे इस अनुष्ठान में संध्या को शिव मंदिर में भगवान का दस तरह के फूलों और भस्म से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे आचार्य पं. लोकेश शर्मा ने अपने साथियों आशीर्वाद एवं नितिन शर्मा के साथ साढ़े तीन घंटे के अथक प्रयास से पूरा किया। उनके दर्शनार्थ मंदिर पर भक्तों का तांता लगा रहा। आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा और राजेंद्र महाजन ने बताया कि श्रावणी अनुष्ठान में संध्या को लक्ष्यार्चन आराधना और शिव महिम्न स्तोत्र के पाठ सहित भगवान शिवाशिव की आराधना के विभिन्न अनुष्ठान भी किए गए। पूरे सावन माह में प्रतिदिन गौदुग्ध, दही, गोघृत, मधु, गन्ने के रस, तीर्थ जल और तिल्ली के तेल जैसे पदार्थों से अभिषेकात्मक लघु रुद्र के अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं। भगवान पारदेश्वर का गौदुग्ध और तीर्थ जल से अखंड अभिषेक भी पहले दिन से ही जारी है। न्यासी राजेंद्र महाजन ने बताया कि पूरे श्रावण मास में आश्रम पर भगवान पारदेश्वर का दुग्ध धारा और तीर्थ जल से अखंड अभिषेक, तथा रोजाना शाम 5:30 बजे से रात 9 बजे तक सामूहिक शिव महिम्न पाठ और शिव आराधना के अनुष्ठान होंगे। प्रकाश/14 जुलाई 2025 संलग्न चित्र - इंदौर। विद्याधाम पर सावन के प्रथम सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का दूल्हे के रूप में श्रृंगार किया गया।