14-Jul-2025


सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा भक्तों का सैलाब हाथरस (ईएमएस)। श्रावण मास प्रारंभ होते ही शिवभक्ति का माहौल बन गया है। सोमवार को कांवड़ लेकर आए श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और विश्व कल्याण की कामना की। भक्तों ने विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल-फूल अर्पित किए।कस्बा स्थित वीलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। शहर और गांवों के शिवालयों को दुल्हन की तरह सजाया गया।गांव रूदायन, सठिया, गोपालपुर भूतपुरा व देदामई में कांवड़ यात्राएं निकाली गईं। पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत हुआ और बाद में भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक व महामृत्युंजय मंत्र जाप जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा, क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार व कस्बा इंचार्ज यतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चुस्त रही। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 14 जुलाई 2025