15-Jul-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में रिलीज हुआ सिंगर बीबा सिंह का हिंदी-स्पेनिश फ्यूजन सॉन्ग ‘क्विजास’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। मशहूर सिंगर मीका सिंह ने भी इस गाने की सराहना की है। मीका सिंह ने बीबा को बेहद प्रतिभाशाली बताया। मीका सिंह ने कहा कि यह गाना उनके पसंदीदा गानों में से एक बन गया है। मीका ने कहा, “बीबा ने हिंदी और स्पेनिश का फ्यूजन इतनी खूबसूरती से किया है कि यह फ्रेश और शानदार लगता है। यह गाना दिलों और सीमाओं को जोड़ता है।” ‘क्विजास’ एक स्पेनिश क्लासिक गाने को नए अंदाज में पेश करता है, जिसमें हिंदी गीतों को बीबा सिंह ने खुद लिखा और गाया है। इस फ्यूजन के जरिए उन्होंने भारतीय और लैटिन संस्कृतियों को एकसाथ लाने की कोशिश की है। बीबा ने बताया कि उन्हें हमेशा से स्पेनिश संगीत की भावनाएं आकर्षित करती थीं और जब उन्होंने इन गीतों का अनुवाद पढ़ा, तो उन्हें भारतीय और लैटिन संस्कृति के बीच कई समानताएं नजर आईं। इसी प्रेरणा ने उन्हें यह गाना बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया। बीबा सिंह पहले भी हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी में कई गाने गा चुकी हैं, लेकिन ‘क्विजास’ उनके लिए एक नई रचनात्मक चुनौती थी। उन्होंने कहा, “संगीत को समावेशी और खुशी देने वाला होना चाहिए। यह गाना दो संस्कृतियों की कहानियों और भावनाओं को जोड़ता है। मेरा मकसद सिर्फ गाना गाना नहीं, बल्कि भावनाओं को जोड़ना भी है।” मीका सिंह ने भी बीबा के इस नए प्रयास को सराहा और कहा कि बहुत कम कलाकार इस तरह के नए और साहसिक प्रयोग करते हैं। उन्होंने इसे एक अनोखा म्यूजिकल जर्नी बताया जो न सिर्फ कानों को सुकून देती है, बल्कि दिल को भी छू जाती है। मीका सिंह खुद कई सुपरहिट गानों जैसे ‘आंख मारे’, ‘अंखियों से गोली मारे’, ‘चिंता ता ता’, ‘गो गो गोविंदा’ और ‘440 वोल्ट’ के लिए जाने जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 15 जुलाई 2025