मुंबई (ईएमएण्स)। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने मुंबई में टेस्ला के पहले शोरूम खोलने पर एलन मस्क और उनकी कंपनी टेस्ला का गर्मजोशी से स्वागत किया है। टेस्ला ने भारत में अपनी आधिकारिक एंट्री कर दी है और मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में पहला शोरूम खोला है। टेस्ला ने अपनी मॉडल वाय कार के दो वेरिएंट लॉन्च किए हैं, जिनकी कीमतें 60.1 लाख रुपये से 67.8 लाख रुपये के बीच हैं। हालांकि, भारत में उच्च आयात शुल्क के कारण ये कारें अन्य देशों के मुकाबले महंगी हैं। टेस्ला की शुरुआत मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में होगी, और डिलीवरी 2025 के अंतिम महीनों में शुरू होगी। आनंद महिंद्रा ने इस प्रतिस्पर्धा को सकारात्मक रूप में लिया और इसे इनोवेशन को आगे बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, भारत में आपका स्वागत है एलन मस्क और टेस्ला दुनिया के सबसे बड़े ईवी अवसरों में से एक अब और भी रोमांचक हो गया है। प्रतिस्पर्धा इनोवेशन को जन्म देती है, और आगे एक लंबा रास्ता है। चार्जिंग स्टेशन पर मुलाकात का इंतजार रहेगा। बता दें कि टेस्ला की इलेक्ट्रिक कार शुरुआत में केवल मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में उपलब्ध होगी। इसकी डिलीवरी 2025 के अंतिम महीनों में दी जाएगी। मुंबई के बाद अगला शोरूम दिल्ली में खोले जाने की योजना है। सतीश मोरे/16जुलाई