व्यापार
16-Jul-2025


- अक्टूबर-दिसंबर 2024 की तिमाही के मुकाबले जनवरी-मार्च 2025 में 3.6 प्रतिशत की तेजी देखी गई नई दिल्ली (ईएमएस)। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने एक बयान जारी कर कहा कि वर्ष 2025 की पहली तिमाही में वैश्विक वस्तु व्यापार में सालाना आधार पर 5.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अक्टूबर-दिसंबर 2024 की तिमाही के मुकाबले जनवरी-मार्च 2025 में व्यापार में 3.6 प्रतिशत की तेजी देखी गई। डब्ल्यूटीओ के अनुसार इस वृद्धि के पीछे अमेरिका द्वारा सीमा शुल्क बढ़ाने की आशंका के कारण आयात गतिविधियों में तेजी आई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वैश्विक वस्तु व्यापार में यह बढ़ोतरी डब्ल्यूटीओ के पूर्वानुमानों से अधिक मजबूत रही। हालांकि, डब्ल्यूटीओ के अर्थशास्त्री भविष्यवाणी कर रहे हैं कि पूरे साल 2025 में वस्तु व्यापार की वृद्धि की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। इसकी वजह पूरी तरह भरे हुए भंडार और उच्च सीमा शुल्क के कारण आयात मांग पर पड़ने वाला दबाव बताया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर देखा जाए तो तिमाही आधार पर उत्तरी अमेरिका में आयात में सबसे ज्यादा, 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद अफ्रीका में 5.1 प्रतिशत, दक्षिण और मध्य अमेरिका तथा कैरिबियाई देशों में 3.6 प्रतिशत, पश्चिम एशिया में 3 प्रतिशत, यूरोप में 1.3 प्रतिशत और एशिया में 1.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस आंकड़े से स्पष्ट होता है कि वैश्विक व्यापार पर अमेरिका की नीतियों का गहरा प्रभाव पड़ रहा है। सीमा शुल्क में संभावित बढ़ोतरी ने कई देशों में व्यापार गतिविधियों को प्रभावित किया है, जिससे आयात में असामान्य वृद्धि हुई है। डब्ल्यूटीओ का मानना है कि आने वाले महीनों में व्यापार की वृद्धि की गति स्थिर हो सकती है, क्योंकि व्यापारी और देश अपनी भंडारण नीतियों और शुल्क के प्रभाव को समायोजित करेंगे। सतीश मोरे/16जुलाई ---