राज्य
16-Jul-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली समेत पूरे भारत पर इस समय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में कई दिन से लगातार बारिश का दौर जारी है। हालांकि मंगलवार को तेज हवाएं चलीं, जिसके बाद दिल्ली का मौसम और सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार भी दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में भारी बारिश की वजह से हालत खराब हैं। दिल्ली में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को भी दिल्ली का मौसम काफी सुहावना रहा। तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिली। अब मौसम विभाग ने बुधवार भी दिल्ली में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। 17 और 18 जुलाई को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है। लेकिन इसके बाद अगले दो दिन यानी 19-20 जुलाई को फिर से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली के तापमान में भी गिरावट आएगी। मंगलवार की तुलना में बुधवार को दिल्ली के तापमान में गिरावट आई। जहां मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। वहीं आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 16 से 21 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 16 से 17 और 21 जुलाई के दौरान पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में 16 से 19 जुलाई के दौरान, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में ज्यादातर स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों पर बारिश से हालात खराब हैं। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं। कई जिलों में भूस्खलन की वजह से यातायात बाधित हो गया है। मंडी में 160 सड़कें बारिश के बाद ब्लॉक हो गईं। कई सड़कें पानी में बह गई हैं, जिस वजह से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। यही नहीं इससे करोड़ों का नुकसान भी हुआ। अब बुधवार भी मौसम विभाग ने तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/जुलाई /2025